शहडोल।सादिक खान
शहडोल। जिले में रेत का ठेका अब तक स्वीकृत नहीं हुआ है, इसके बावजूद शहर से लेकर गांव तक रेत से भरे वाहन दिन-रात दौड़ते नजर आ रहे हैं। खासकर देवलौंद थाना क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन का खेल खुलेआम जारी है। यहां ट्रैक्टर-ट्रॉली और ट्रक दिनदहाड़े रेत निकालकर सड़कों पर फर्राटा भर रहे हैं।
इसी कड़ी में देवलौंद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ग्राम सुखाड़ चेक पोस्ट के पास एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है, जो अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर परिवहन कर रहा था। पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की गई। मामले में आरोपी राजेंद्र कुमार के खिलाफ खनिज अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
हालांकि, स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह कार्रवाई महज औपचारिकता है, जबकि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध खनन लगातार जारी है। लोगों का कहना है कि पूर्व में एक पटवारी की हत्या जैसे गंभीर मामले के बाद भी खनन माफिया बेखौफ सक्रिय हैं।
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस और खनिज विभाग के अधिकारियों पर मिलीभगत के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि माफियाओं से मोटी रकम लेकर उन्हें संरक्षण दिया जा रहा है, जिससे अवैध कारोबार पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।
यहां भी जारी अवैध खनन
सूत्रों के अनुसार सोहागपुर क्षेत्र के नरवार, कुंवरसेझा और बिजौरी इलाकों में सोन और मुड़ना नदी से बड़े पैमाने पर अवैध रेत उत्खनन जारी है। बताया जा रहा है कि छेकलाल और चुम्मन समेत कई लोग दिनदहाड़े रेत का उत्खनन कर उसका परिवहन कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्थानीय वन अमला , खनिज विभाग और पुलिस की कथित मिलीभगत के चलते यह अवैध कारोबार चरम पर पहुंच गया है, जिससे शासन को राजस्व का नुकसान हो रहा है और पर्यावरण पर भी गंभीर असर पड़ रहा है। यहां कई जगहों पर रेत का अवैध भंडारण है।

0 Comments