शहडोल। सादिक खान
शहडोल।जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र के सेमरा तिराहे पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। बरातियों को लेकर लौट रहा मालवाहक वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, गोहपारू के सोनटोला गांव से एक बारात शनिवार को छत्तीसगढ़ के मलतढोल गई थी। विवाह समारोह के बाद सभी बाराती रविवार वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम सेमरा तिराहा के पास वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गया।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर तत्काल गोहपारू अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना में सुंदर सिंह (40 वर्ष), पिता रामलाल, समेत तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सुंदर सिंह की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय शहडोल रेफर कर दिया, जहां जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इस घटना से परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं अन्य घायलों को भी बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
जागरूकता कागजों तक
यातयात विभाग केवल कागजों में जागरूकता चला रहा है। बिना हेलमेट बाइक सवार सड़कों पर बाइक चला रहे है। पिकअप वाहन में तीन दर्जन से अधिक लोग सवार हो कर सफर कर रहे है। और इधर विभाग जागरूकता की बात कह रहा है कि हम लोगों को यातयात नियम का पाठ पढ़ा रहे है

0 Comments