शहडोल जिले में शादी का झांसा देकर शोषण के चर्चित मामले में फरार चल रहा आरोपी पुजारी आखिरकार दो महीने बाद खुद थाने पहुंच गया। महिला थाना पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता ने 18 फरवरी को महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने आरोप लगाया था कि मंदिर में पूजा कराने वाला पुजारी आशीष राज तिवारी उर्फ छोटू पिछले करीब आठ वर्षों से उसे शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाता रहा। आरोपी ने महिला को अलग-अलग शहरों में किराए के मकानों में पत्नी की तरह रखकर उसका शोषण किया।
पीड़िता का कहना है कि जब भी वह शादी की बात करती थी, आरोपी बहाने बनाकर बात टाल देता था। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी। लंबे समय तक मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलने के बाद महिला ने आखिरकार पुलिस की शरण ली।
मामला दर्ज होते ही आरोपी फरार हो गया था और पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी, लेकिन उसे पकड़ने में सफलता नहीं मिल पा रही थी। इसी बीच पुलिस ने आरोपी के परिजनों को थाने बुलाकर पूछताछ की। परिजनों पर दबाव बढ़ने के बाद उन्होंने आरोपी को आत्मसमर्पण के लिए राजी किया।
सोमवार को आरोपी स्वयं महिला थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह गिरफ्तारी से बचने के लिए दिल्ली में छिपा हुआ था। महिला थाना प्रभारी रामकुमार गायकवाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

0 Comments