शहडोल। सादिक खान
शहडोल। जिले में अवैध खनन के खिलाफ लगातार अभियान के तहत मंगलवार को खनिज विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम चंगेरा में बड़ी कार्रवाई की। स्थानीय स्तर पर अवैध कोयला खनन की शिकायत मिलने के बाद मौके पर पहुंची टीम ने जांच की, जिसमें दो पुरानी खदानें संचालित पाई गईं। अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन की मदद से दोनों खदानों को बंद करा दिया।
कार्रवाई के दौरान मौके से लगभग एक ट्रैक्टर-ट्रॉली कोयला जब्त किया गया, जिसे थाना बुढ़ार की अभिरक्षा में रखवा दिया गया है। जांच के दौरान शिकायतकर्ता भी मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि गांव के कुछ लोग बोरियों के माध्यम से कोयला निकालकर आसपास के ईंट भट्टों में बेचते हैं, जिससे अवैध खनन का सिलसिला लगातार जारी था।
टीम ने मौके पर संचालित अन्य छोटे-छोटे गड्ढों और खदानों को भी बंद कराया। अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले भी खनिज विभाग द्वारा इस क्षेत्र में कार्रवाई कर खदानों को बंद कराया गया था। निरीक्षण के दौरान पुरानी बंद कराई गई खदानें अभी भी बंद पाई गईं, लेकिन कुछ स्थानों पर दोबारा खनन शुरू होने की शिकायत सही पाई गई।
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व खनि निरीक्षक अभिषेक पटले ने किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध खनन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अवैध गतिविधियों में शामिल न हों और ऐसी किसी भी जानकारी की तुरंत सूचना प्रशासन को दें।

0 Comments