Ticker

6/recent/ticker-posts

हेलमेट चेकिंग गायब, पुलिस खुद बेपरवाह—शहडोल में अजब हाल:PHQ के आदेश ठंडे बस्ते में….

 


शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। यातायात नियमों को लेकर सख्ती के दावे करने वाली पुलिस खुद ही नियमों की अनदेखी करती नजर आ रही है। पुलिस मुख्यालय (PHQ) के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद जिले में हेलमेट चेकिंग अभियान सुस्त पड़ा है, जबकि कई पुलिसकर्मी ही बिना हेलमेट बाइक दौड़ाते दिख रहे हैं। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के आसपास का दृश्य इस लापरवाही की तस्वीर बयां करता नजर आया, जिससे आम लोगों में भी गलत संदेश जा रहा है।

प्रदेश स्तर पर 26 अप्रैल से 10 मई 2026 तक विशेष हेलमेट चेकिंग अभियान चलाया जाना है, लेकिन शहडोल में इसका असर नगण्य नजर आ रहा है। न तो प्रमुख चौराहों पर सघन चेकिंग दिखाई दे रही है और न ही आम लोगों को जागरूक करने के लिए कोई विशेष अभियान चलाया गया है। इससे यह सवाल उठने लगा है कि जब नियम लागू कराने वाले ही पालन नहीं करेगी, तो आम जनता से क्या अपेक्षा की जा सकती है।

बैठक में दिए गए सख्त निर्देश बेअसर

सोमवार को कलेक्टर डॉ. केदार सिंह की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई थी, जिसमें सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए परिवहन और पुलिस विभाग को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर नियमित चेकिंग कर कार्रवाई करने की बात कही गई थी, लेकिन जमीनी स्तर पर इन निर्देशों का असर नजर नहीं आ रहा है।

क्या हैं नियम

मध्य प्रदेश में चल रहे इस विशेष अभियान के तहत बाइक चालक और पीछे बैठने वाले दोनों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य किया गया है। बिना हेलमेट वाहन चलाने पर चालान काटा जाएगा और बार-बार उल्लंघन करने पर ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित भी किया जा सकता है। साथ ही केवल ISI मार्क वाले हेलमेट ही मान्य होंगे।

फिलहाल, शहडोल में हालात यह संकेत दे रहे हैं कि अभियान कागजों तक सीमित है, जबकि सड़कों पर नियमों की अनदेखी जारी है।

अनावश्यक रूप से नहीं कर रहे परेशान: एस पी 

पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में हेलमेट चेकिंग अभियान लगातार जारी है। शहर के बाहर हाइवे क्षेत्रों में सघन चेकिंग की जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई भी की जा रही है।उन्होंने कहा कि शहर के अंदर आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जा रहा है, लेकिन यातायात नियमों के पालन को लेकर जागरूकता पर जोर दिया जा रहा है।


Post a Comment

0 Comments