Ticker

6/recent/ticker-posts

पालक मंत्री के जिले में बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था, ट्रॉमा आईसीयू की छत से टपका पानी,वीडीओ वायरल

 


शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल के प्रभार वाले शहडोल जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली एक बार फिर सामने आई है। संभागीय मुख्यालय स्थित कुशा भाऊ ठाकरे जिला चित्सालय में ट्रॉमा आईसीयू की छत से अचानक पानी टपकने लगा, जिससे अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। मरीजों के ऊपर लगातार पानी गिरने से परिजनों को खुद ही पलंग हटाकर मरीजों को सुरक्षित स्थान पर ले जाना पड़ा।

ICU में भर गया पानी, कर्मचारी बाद में पहुंचे

बताया गया कि पानी गिरने का स्तर इतना ज्यादा था कि कुछ ही देर में ICU कक्ष में पानी भर गया। घटना के दौरान मौजूद मरीज और उनके परिजन काफी परेशान नजर आए। बाद में अस्पताल कर्मचारी मौके पर पहुंचे और कमरे में भरे पानी को बाहर निकाला। इस घटना ने जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं और रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

लैब निर्माण कार्य के दौरान टूटी पाइप लाइन

जानकारी के अनुसार अस्पताल की छत के ऊपर लैब निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इसी दौरान पानी की पाइ लाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे छत में पानी भर गया और सीपेज होकर ट्रॉमा ICU तक पहुंच गया। अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही के कारण मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

ऑपरेशन के नाम पर वसूली के आरोप भी

यह वही जिला अस्पताल है जहां मरीजों से ऑपरेशन के नाम पर पैसे लेने के आरोप पहले भी लगते रहे हैं। कई बार शिकायतें होने के बावजूद व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हो सका। अब ICU में पानी भरने की घटना ने अस्पताल की कार्यप्रणाली पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सिविल सर्जन ने कही जांच की बात

इस मामले में सिविल सर्जन डॉ. शिल्पी सराफ ने कहा कि कर्मचारियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाल लिया था। छत में सीपेज की वास्तविक वजह पता लगाने के लिए एनएचएम इंजीनियर को जांच के निर्देश दिए गए हैं।

Post a Comment

0 Comments