शहडोल। सादिक खान
शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में एक किसान की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। देवराव गांव निवासी तुलसी दास कुशवाहा का शव सोमवार सुबह गांव के पास जंगल के रास्ते में उनकी बाइक पर खून से लथपथ हालत में मिला। शरीर पर धारदार हथियार से हमले के गहरे निशान पाए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि टंगी या किसी तेजधार हथियार से वार कर हत्या की गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार तुलसी दास कुशवाहा रविवार शाम गांव में चल रही तेंदूपत्ता गिनती में शामिल होने घर से बाइक से निकले थे। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने सोचा कि वह काम में व्यस्त होंगे। सोमवार सुबह जब ग्रामीण गांव के पास स्थित जंगल मार्ग से गुजर रहे थे, तब उन्होंने तुलसी दास का शव बाइक पर पड़ा देखा। शव के आसपास काफी मात्रा में खून फैला हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही ब्यौहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में मामला हत्या का माना जा रहा है।
मृतक के परिजनों ने पुरानी रंजिश के चलते हत्या किए जाने की आशंका जताई है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और हर पहलू पर पड़ताल की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।


0 Comments