शहडोल। सादिक खान
शहडोल जिले के ब्यौहारी में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लग्जरी कारों से करीब 4 क्विंटल गांजा जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि जब्त गांजा, वाहन और मोबाइल फोन समेत कुल माल की कीमत लगभग एक करोड़ रुपए आंकी जा रही है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि जैतपुर-सीधी मार्ग से कुछ कारों में भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ब्यौहारी, देवलोंद और जयसिंहनगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मंटोला तिराहे के पास घेराबंदी की और तीनों वाहनों को रोक लिया।
तीन कारों से मिला भारी मात्रा में गांजा
कार्रवाई के दौरान बलेनो कार से 106 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसमें आरोपी शेखर शुक्ला को गिरफ्तार किया गया। वहीं XL6 कार से 170 किलो गांजा मिला, जिसमें राजकुमार गुप्ता पकड़ा गया। तीसरी XUV 300 वाहन से 123 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसमें रामप्रकाश पटेल और आशुतोष प्यासी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सात मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस ने कहा तीनों वाहन आगे पीछे चल रहे थे।
साइबर सेल की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने के बाद तीन अलग-अलग टीमें बनाकर कार्रवाई को अंजाम दिया गया। ब्यौहारी थाना प्रभारी जिया उल हक के नेतृत्व में उप निरीक्षक बालकारण प्रजापति, वीरेंद्र तिवारी, प्रधान आरक्षक नरेंद्र उपाध्याय, सुखेंद्र, पंजाब सिंह, बिलाल, आरक्षक पंकज सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने कार्रवाई में अहम भूमिका निभाई।
रीवा और यूपी तक फैला है नेटवर्क
सूत्रों के अनुसार जैतपुर से सीधी होते हुए गांजे की खेप रीवा और उत्तर प्रदेश तक पहुंचाई जाती है। इससे पहले भी जैतपुर क्षेत्र में गांजा तस्करी से जुड़े मामले सामने आ चुके हैं। हाल ही में तस्करों के कुएं में गिरने से मौत का मामला भी चर्चा में रहा था।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

0 Comments