शहडोल। सादिक खान
शहडोल। जिले में अवैध खनन और रेत के अवैध परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। जैतपुर और बुढार क्षेत्र से मिल रही शिकायतों के बाद खनिज विभाग का अमला बुढार क्षेत्र के ग्राम पकरिया पहुंचा, जहां रेत का अवैध परिवहन करते एक मिनी डंपर को पकड़ा गया।
खनिज विभाग से मिली जानकारी के अनुसार कलेक्टर के निर्देशन और खनि अधिकारी के मार्गदर्शन में जांच अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान डंपर क्रमांक सी जी-29 एसी-7683 को रोककर जांच की गई। वाहन में करीब 8 घन मीटर रेत भरी हुई थी। चालक से रेत परिवहन संबंधी दस्तावेज और वैध अनुमति मांगी गई, लेकिन उसके पास कोई वैधानिक अनुमति या एटीपी नहीं मिला। चालक ने मोबाइल पर मैन्युअल अभिवहन पास की फोटो दिखाई, जिसे विभाग ने नियमानुसार अमान्य बताया। मौके पर कोई रॉयल्टी पर्ची भी प्रस्तुत नहीं की जा सकी।
खनिज विभाग ने वाहन को जब्त कर थाना बुढार पुलिस की अभिरक्षा में खड़ा कराया है। वाहन चालक और मालिक के खिलाफ रेत के अवैध परिवहन का मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई के लिए प्रकरण कलेक्टर न्यायालय शहडोल भेजा जा रहा है। यह कार्रवाई खनि निरीक्षक अभिषेक पटेल और विभागीय अमले द्वारा की गई

0 Comments