शहडोल। सादिक खान
शहडोल। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में सोहागपुर क्षेत्र में खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत से भरे दो डंपर/डग्गी वाहन जप्त किए हैं। खास बात यह रही कि दोनों वाहनों में नंबर प्लेट तक नहीं लगी थी और चालक रेत परिवहन से जुड़े कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
खनिज विभाग की जांच टीम ने कार्रवाई के दौरान दोनों वाहनों को अवैध रूप से रेत परिवहन करते पकड़ा। जांच में वाहनों में रेत खनिज भरा मिला, लेकिन चालकों के पास रॉयल्टी पर्ची या अन्य वैधानिक अनुमति नहीं थी। इसके बाद दोनों वाहनों को जप्त कर सोहागपुर थाना की शासकीय अभिरक्षा में खड़ा कराया गया।
विभाग के अनुसार एक वाहन का चेसिस नंबर MAT78605957N21772 है, जिसका चालक रंजीत पिता रामजी निवासी कंचनपुर बताया गया है। वहीं दूसरे वाहन का चेसिस नंबर MAT454206K7A00264 है, जिसका चालक राकेश पिता छातपति सिंह निवासी बकेली है।
खनिज विभाग ने बताया कि दोनों मामलों में खनिज नियमों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। यह पूरी कार्रवाई खनि निरीक्षक अभिषेक पटले द्वारा खनिज सिपाहियों के साथ मिलकर की गई।

0 Comments