शहडोल। सादिक खान
शहडोल। जिले में रेत खदानों का वैध ठेका नहीं होने के बावजूद रेत से भरे हाइवा वाहनों का आवागमन लगातार जारी है। जैतपुर थाना क्षेत्र के गाड़ाघाट, लुकमपुर और गलहथा क्षेत्र से अवैध उत्खनन और परिवहन के आरोप लग रहे हैं। बीती रात गाड़ाघाट मार्ग पर तेज रफ्तार रेत लोड हाइवा को लेकर चालक और स्थानीय लोगों के बीच विवाद हो गया। घटना का वीडियो सामने आया है। वीडियो बनाने वाले युवक ने दावा किया कि वाहन में भरी रेत अवैध है और गाड़ाघाट से लोड की गई है।
एक दिन पहले भी सोशल मीडिया पर ऐसा ही एक वीडियो वायरल हुआ था। उसमें रेत से भरे हाइवा चालक ने पूछने पर बताया था कि रेत गलहथा से लोड की गई है। दोनों स्थान जैतपुर थाना क्षेत्र में आते हैं। जिले में वर्तमान में किसी भी रेत खदान का वैध ठेका नहीं है। ऐसे में इन क्षेत्रों से रेत निकासी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। जिला खनिज अधिकारी राहुल शांडिल्य ने भी कहा है कि यदि इन स्थानों से रेत निकाली जा रही है तो वह अवैध है।
बुधवार को जिला खनिज अधिकारी ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए जांच कराने की बात कही थी। इसके बावजूद रात में गाड़ाघाट मार्ग से कई रेत लोड हाइवा गुजरते रहे, लेकिन मौके पर न जांच दिखाई दी और न ही कोई कार्रवाई।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से खुलेआम अवैध रेत उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार पुलिस और खनिज विभाग को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों के अनुसार दिन-रात बड़ी संख्या में वाहन निकल रहे हैं। कुछ वाहनों को प्रभावशाली लोगों से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। अब पूरे मामले में खनिज विभाग की कार्रवाई पर नजर टिकी हुई है।

0 Comments