Ticker

6/recent/ticker-posts

एनएच-43 पर रफ्तार का कहर: अज्ञात वाहन की टक्कर से चार मवेशियों की मौत, लोगों में आक्रोश

 


शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। उमरिया-अनूपपुर मार्ग पर स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर तेज रफ्तार वाहनों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोहागपुर थाना क्षेत्र में बीती रात एक अज्ञात वाहन ने सड़क किनारे मौजूद चार मवेशियों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है और उन्होंने एनएच पर बढ़ते हादसों को रोकने के लिए प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की है।

दूसरी पेट्रोल पंप के आगे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार सोहागपुर थाना क्षेत्र में स्थित दूसरी पेट्रोल पंप के आगे एनएच-43 पर यह हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रात के समय तेज रफ्तार से गुजर रहे किसी अज्ञात वाहन ने सड़क पर मौजूद चार मवेशियों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों मवेशियों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

ढाबों के सामने सड़क पर खड़े रहते हैं भारी वाहन

स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसा स्थल के आसपास सड़क के दोनों ओर कई ढाबे संचालित हैं। शाम होते ही यहां भारी वाहनों का जमावड़ा लग जाता है। ट्रक और अन्य बड़े वाहन सड़क किनारे खड़े रहते हैं, जिससे यातायात प्रभावित होता है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। लोगों का आरोप है कि इसी अव्यवस्था के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं।

मेडिकल कॉलेज मार्ग पर लगातार बढ़ रहा खतरा

सोहागपुर थाना से मेडिकल कॉलेज तक का मार्ग दुर्घटनाओं के लिहाज से संवेदनशील माना जा रहा है। स्थानीय नागरिकों के अनुसार इस क्षेत्र में कई सड़क हादसों में लोगों की जान जा चुकी है, जबकि अनेक लोग घायल हुए हैं। इसके अलावा मवेशियों की मौत की घटनाएं भी लगातार सामने आ रही हैं। बावजूद इसके यातायात और संबंधित विभागों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।

शहर की बजाय दूर क्षेत्रों पर फोकस

स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया है कि शहर के सबसे व्यस्त और दुर्घटनाग्रस्त मार्गों की अनदेखी की जा रही है, जबकि यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए अभियान जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में चलाए जा रहे हैं। लोगों ने प्रशासन और जिम्मेदार अधिकारियों से एनएच-43 पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने, अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग पर कार्रवाई करने तथा हादसों पर रोक लगाने की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments