Ticker

6/recent/ticker-posts

आग का अनसुलझा रहस्य, 5 महीने में दूसरी बार दो दुकानों में तबाही

 


शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। शहर के सोहागपुर थाना क्षेत्र स्थित भूसा तिराहे के पास एक बार फिर रहस्यमयी आगजनी की घटना ने लोगों को हैरान कर दिया। पांच महीने पहले जिन दो दुकानों में आग लगी थी, उन्हीं दुकानों में बीती रात दोबारा आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। पीड़ितों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए पुलिस से मामले की गंभीर जांच की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, भूसा तिराहे के पास संचालित प्रेस की दुकान और उससे सटी सब्जी की दुकान में देर रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने दोनों दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। जब तक लोग मौके पर पहुंचे, तब तक दुकान में रखा सामान जलकर राख हो चुका था।

प्रेस की दुकान संचालित करने वाले बेचू रजक ने बताया कि पांच महीने पहले भी उनकी दुकान में आग लगी थी, जिसमें ग्राहकों के प्रेस के लिए रखे करीब 70 जोड़ी कपड़े जल गए थे। इस बार भी आग लगने से करीब 40 जोड़ी कपड़े पूरी तरह जल गए। इसके अलावा दुकान में रखा अन्य सामान भी नष्ट हो गया, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

वहीं, बगल में सब्जी का ठेला लगाने वाले कमलेश यादव की दुकान भी आग की चपेट में आ गई। आग से पूरी सब्जी और दुकान का सामान जलकर राख हो गया। कमलेश ने बताया कि पिछली घटना में भी उन्हें हजारों रुपये का नुकसान हुआ था और अब दूसरी बार वही घटना दोहराई गई है।

दोनों पीड़ितों का कहना है कि पहली आगजनी के बाद सोहागपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक घटना के कारणों का खुलासा नहीं हो सका। दूसरी बार उसी स्थान पर आग लगने से वे दहशत में हैं और इसे सामान्य घटना नहीं मान रहे।

घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस से आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

0 Comments