शहडोल। सादिक खान
शहडोल। जिले में प्रतिबंधित स्थानों पर नहाने के दौरान हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। गोहपारू थाना क्षेत्र के सोन टोला स्थित जल संसाधन विभाग के वाटर प्लांट में नहाने गए 21 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। युवक अपने दोस्तों के साथ यहां नहाने पहुंचा था। घटना के बाद एसडीईआरएफ टीम ने रविवार सुबह रेस्क्यू कर शव बाहर निकाला। खास बात यह है कि इसी वाटर प्लांट में एक महीने के भीतर डूबने से मौत की यह दूसरी घटना है।
प्रतिबंध के बावजूद अंदर पहुंचे युवक
पुलिस के अनुसार सोन टोला स्थित सोन नदी पर जल संसाधन विभाग ने पानी फिल्टर करने के लिए वाटर प्लांट बनाया है। सुरक्षा कारणों से यहां आम लोगों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित है। परिसर के बाहर बड़े-बड़े चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और चौकीदार भी तैनात है। इसके बावजूद लोग उसकी बात अनसुनी कर जबरन अंदर चले जाते हैं।
दोस्तों के साथ नहाने गया था आयुष
पुलिस ने बताया कि धनपुरी थाना क्षेत्र के बम्होरी निवासी 21 वर्षीय आयुष प्रजापति शनिवार दोपहर अपने दोस्तों के साथ वाटर प्लांट में नहाने पहुंचा था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबकर लापता हो गया। सूचना मिलने पर गोहपारू पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीईआरएफ टीम को बुलाया गया। देर शाम तक तलाश जारी रही, लेकिन अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा।
रविवार सुबह मिला शव
रविवार सुबह दोबारा शुरू किए गए रेस्क्यू अभियान में एसडीईआरएफ टीम ने युवक का शव पानी से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि लोगों को कई बार समझाइश दी गई है और कार्रवाई भी की गई, लेकिन इसके बावजूद लोग प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश कर अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। रेस्क्यू टीम में प्रभारी अजेश मिश्रा, नरेंद्र सिंह, मोहन सिंह, महेंद्र यादव, शारदा पटेल, मुकेश संजोदिया और वाहन चालक मदन सिंह शामिल रहे।

0 Comments