Ticker

6/recent/ticker-posts

सीवर कंपनी की लापरवाही बनी मुसीबत: धंसी सड़क, फूटी पाइपलाइन से लोगों का चलना दूभर

 


शहडोल।सादिक खान 

शहडोल। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 11/15 में रीवा रोड स्थित मदन एजेंसी के पीछे सीवर लाइन कार्य में लापरवाही का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों के अनुसार कार्य करने वाली एजेंसी ने कुछ दिन पहले बीच सड़क पर गड्ढा खोद दिया था। विरोध होने पर कर्मचारियों ने गड्ढे में केवल मिट्टी भरकर औपचारिकता पूरी कर दी, लेकिन सड़क की मरम्मत नहीं की गई।

रहवासियों का कहना है कि पहले से बनी अच्छी-खासी सड़क को खोदकर खराब कर दिया गया। गुरुवार सुबह जब नल जलापूर्ति शुरू हुई तो पता चला कि गड्ढे के भीतर पानी भर रहा है। आशंका जताई गई कि खुदाई के दौरान नल की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे लगातार पानी रिस रहा है।

पाइपलाइन से हो रहे रिसाव के कारण गड्ढे में भरी मिट्टी धंस गई और सड़क फिर से बैठने लगी। स्थिति ऐसी हो गई है कि लोगों को पैदल निकलने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि एजेंसी के कर्मचारी मिट्टी डालने के बाद मौके से चले गए और सड़क को सुरक्षित बनाने के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई।

रहवासियों का कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो बड़ा हिस्सा और धंस सकता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाएगी। लोगों ने नगर पालिका से तत्काल कार्रवाई कर सड़क और पाइपलाइन दोनों की मरम्मत कराने की मांग की है।

इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी निशांत ठाकुर ने कहा कि मामले की जानकारी मिली है। कर्मचारी भेजकर स्थल का निरीक्षण कराया जाएगा और आवश्यक सुधार कार्य जल्द कराया जाएगा। नगर पालिका का कहना है कि लोगों की आवाजाही में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Post a Comment

0 Comments