शहडोल। सादिक खान
शहडोल। जिले के अंतिम छोर पर स्थित पपौंध थाना क्षेत्र के हिरवार गांव में हुई हृदयविदारक घटना के मामले में पुलिस ने मृतका मां के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि घटना में मां की भी मौत हो चुकी है, इसलिए विवेचना पूरी होने के बाद प्रकरण में वैधानिक कार्रवाई के तहत खात्मा लगाए जाने की संभावना है।
क्या था पूरा मामला
शनिवार देर शाम 32 वर्षीय अनीता सिंह ने कथित तौर पर अपनी तीन मासूम बेटियों रितिका सिंह (7), कृष्ण कुमारी सिंह (4) और अर्पिता सिंह (2) को जहरीला कीटनाशक खिलाने के बाद स्वयं भी उसका सेवन कर लिया था। इस दर्दनाक घटना में मां समेत चारों की मौत हो गई। बताया गया है कि घटना से पहले अनीता ने अपनी तीनों बेटियों को नए कपड़े पहनाए, खुद नई साड़ी धारण की और घर में रखे गृहस्थी के कुछ सामान को भी आग के हवाले कर दिया था।
बड़ी बेटी के बयान से खुल रहे नए पहलू
घटना के बाद सामने आए तथ्यों के अनुसार बड़ी बेटी रितिका ने मौत से पहले पुलिस को दिए बयान में माता-पिता के बीच होने वाले विवाद का जिक्र किया था। इसी आधार पर पुलिस अब पारिवारिक कलह के एंगल से भी मामले की गहन जांच कर रही है। जांच का केंद्र मृतका के पति गोकुल सिंह पर भी है, जिसके बारे में पुलिस का कहना है कि वह पूछताछ के दौरान अलग-अलग बयान दे रहा है।
साइबर सेल की मदद से जांच
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में अनीता सिंह को घटना का मुख्य जिम्मेदार मानते हुए उसके खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज किया गया है। मामले की तह तक पहुंचने के लिए साइबर सेल की सहायता से मृतका के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्य खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के पीछे घरेलू विवाद, मानसिक तनाव या कोई अन्य कारण तो नहीं था।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल विवेचना जारी है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले में अन्य खुलासे भी हो सकते हैं। यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा और शोक का विषय बनी हुई है।

0 Comments