शहडोल। सादिक खान
शहडोल। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में झपटमारी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बदमाशों ने एक बुजुर्ग का मोबाइल छीनने के बाद उसके यूपीआई का दुरुपयोग कर खाते से 18 हजार रुपये निकाल लिए। पांच दिनों के भीतर झपटमारी की यह दूसरी घटना है, जिससे शहरवासियों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के विचारपुर निवासी लक्ष्मी प्रसाद वर्मन चाय-नाश्ते की दुकान संचालित करते हैं। वह रात दुकान बंद कर वह पैदल अपने घर लौट रहे थे। तालाब की मेड़ के पास पहुंचते ही एक युवक उनका पीछा करते हुए आया और अचानक हाथ से मोबाइल छीनकर भाग निकला। कुछ दूरी पर उसका दूसरा साथी बाइक लेकर खड़ा था। दोनों आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद लक्ष्मी प्रसाद घर पहुंचे और परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। जब बैंक खाते की जानकारी ली गई तो पता चला कि मोबाइल में मौजूद यूपीआई के जरिए खाते से 18 हजार रुपये का ऑनलाइन ट्रांजैक्शन कर लिया गया है। इससे अंदेशा है कि आरोपियों ने मोबाइल मिलते ही डिजिटल भुगतान सुविधा का दुरुपयोग किया।
यूपीआई ट्रांजैक्शन की जांच में जुटी पुलिस
सीएसपी राजेंद्र मोहन दुबे ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ झपटमारी का मामला दर्ज कर लिया गया है। मोबाइल के माध्यम से हुए यूपीआई ट्रांजैक्शन की भी जांच की जा रही है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और अन्य पहलुओं के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही बाईपास से जयस्तंभ रोड के बीच एक महिला के गले से सोने की चेन झपटकर बदमाश फरार हो गए थे। उस मामले में भी अब तक आरोपियों का सुराग नहीं लग सका है। लगातार दूसरी झपटमारी की घटना ने शहर में कानून-व्यवस्था और पुलिस की गश्त पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

0 Comments