शहडोल। सादिक खान
शहडोल के गोहपारू थाने में चोरी के मामले का एक संदेही पुलिस को चकमा देकर हिरासत से फरार हो गया। घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया, लेकिन सक्रियता दिखाते हुए पुलिस ने कुछ ही घंटों में उसे मलमाथर क्षेत्र से दोबारा पकड़ लिया। अब उससे पूछताछ जारी है और कई चोरी की वारदातों का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार गोहपारू थाना क्षेत्र में पिछले कुछ समय से लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। इन मामलों की जांच के दौरान पुलिस को खनौधी गांव निवासी 25 वर्षीय झुरू बैगा पर संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस उसे पूछताछ के लिए थाने लेकर आई। प्रारंभिक पूछताछ में उसने कथित तौर पर चोरी के सामान की बरामदगी कराने की बात कही, जिसके बाद पुलिस टीम उसे उसके घर के पास लेकर पहुंची।
मौके पर कई पुलिसकर्मी मौजूद थे। इसी दौरान मौका पाकर संदेही पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। हिरासत से संदेही के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल उसकी तलाश के निर्देश दिए।
पुलिस ने दो विशेष टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर तलाश शुरू की। लगातार की गई घेराबंदी और सर्च अभियान के दौरान पुलिस ने मलमाथर क्षेत्र से संदेही को दोबारा पकड़ लिया। इसके बाद उसे गोहपारू थाने लाकर फिर से पूछताछ शुरू की गई।
गोहपारू थाना प्रभारी राजकुमार मिश्रा ने बताया कि चोरी के मामले में पूछताछ के लिए लाया गया संदेही मौके से भाग निकला था, जिसे कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पूछताछ में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की संभावना है, जिससे क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा हो सकता है।
पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है और संदेही से मिली जानकारी के आधार पर चोरी के अन्य मामलों की कड़ियां भी खंगाली जा रही हैं।

0 Comments