Ticker

6/recent/ticker-posts

'वर्दी नहीं, अब सिविल ड्रेस में दिखेंगे'... ट्रैफिक हवलदार विवेकानंद तिवारी की पुलिस में वापसी

 


शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। सस्पेंशन, इस्तीफे और सोशल मीडिया पर चली चर्चाओं के बाद आखिरकार ट्रैफिक हवलदार विवेकानंद तिवारी की पुलिस विभाग में वापसी हो रही है। देशभर में अपने अनोखे ट्रैफिक जागरूकता वीडियो से पहचान बनाने वाले तिवारी ने ड्यूटी दोबारा संभालने की इच्छा जाहिर की है। उन्होंने साफ किया है कि अब सोशल मीडिया पर वीडियो तो बनेंगे, लेकिन वर्दी में नहीं बल्कि ड्यूटी खत्म होने के बाद सिविल ड्रेस में।

स्वास्थ्य अवकाश के दौरान हुए थे निलंबित

विवेकानंद तिवारी ने बताया कि कुछ समय पहले स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते उन्होंने मेडिकल लीव ली थी। विभागीय प्रक्रिया में त्रुटि के कारण उन्हें ड्यूटी से अनुपस्थित माना गया और 4 जून को पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव ने उन्हें निलंबित कर दिया। यह मामला सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना। इसी दौरान उनकी पत्नी के बैंक खाते की जांच के भी आदेश दिए गए, जिससे वह मानसिक रूप से काफी आहत हुए।

इस्तीफा दिया, विभाग ने नहीं किया स्वीकार

घटनाक्रम से दुखी होकर विवेकानंद तिवारी ने 10 जून को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। हालांकि पुलिस विभाग ने उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया और उन्हें पुनर्विचार का अवसर दिया। विभाग की पहल के बाद उन्होंने दोबारा सेवा में लौटने का निर्णय लिया है।

ड्यूटी के बाद सिविल ड्रेस में बनाएंगे वीडियो

बातचीत में विवेकानंद तिवारी ने कहा कि उनका सड़क सुरक्षा और यातायात जागरूकता अभियान पहले की तरह जारी रहेगा, लेकिन अब वीडियो केवल ड्यूटी समाप्त होने के बाद सिविल ड्रेस में बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वर्दी में वीडियो बनाने से कई बार यह भ्रम होता था कि वह ड्यूटी के दौरान ही सोशल मीडिया कंटेंट बना रहे हैं। इसलिए अब ड्यूटी के समय केवल पुलिस कार्य करेंगे और बाद में अलग से जागरूकता अभियान चलाएंगे।

विवेकानंद तिवारी सोशल मीडिया पर बेहद लोकप्रिय हैं। विभिन्न प्लेटफॉर्म पर उनके डेढ़ करोड़ से अधिक फॉलोअर्स हैं और उनके यातायात जागरूकता वीडियो करोड़ों लोगों तक पहुंचते हैं। अब उनके दोबारा ड्यूटी पर लौटने से विभाग के साथ-साथ उनके समर्थकों में भी उत्साह है।

Post a Comment

0 Comments