शहडोल। सादिक खान
शहडोल। जिले के केशवाही वन परिक्षेत्र में वनभूमि पर हो रहे अतिक्रमण के खिलाफ वन विभाग का अभियान लगातार जारी है। विभाग ने अलग-अलग बीटों में कार्रवाई करते हुए करीब 5 हेक्टेयर वनभूमि को अतिक्रमण के प्रयास से मुक्त कराया। इस दौरान वनभूमि पर बनाए गए अस्थायी ढांचे हटाए गए, अवैध रूप से तैयार किए गए खेतों को जेसीबी से नष्ट किया गया और दोबारा कब्जा न हो, इसके लिए खंती खोदकर बीज बुवाई भी कराई गई।
वन विभाग के अनुसार हाल ही में वन परिक्षेत्र केशवाही अंतर्गत बीट छतई के कक्ष क्रमांक आरएफ-943 में अतिक्रमण बेदखली की कार्रवाई की गई। यहां वनभूमि पर कब्जे की नीयत से बनाए गए सात मड़ैया और झाला हटाए गए। कार्रवाई के दौरान लगभग पांच हेक्टेयर क्षेत्र को अतिक्रमण के प्रयास से मुक्त कराया गया। वन अमले की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
इसके पहले वन परिक्षेत्र केशवाही की बीट खमरिया के कक्ष क्रमांक आरएफ-950 में भी वन विभाग ने सख्त कार्रवाई की थी। यहां वनभूमि पर अवैध रूप से तैयार किए गए खेतों को जेसीबी मशीन से समतल कर नष्ट किया गया। इसके बाद भूमि पर दोबारा कब्जा न हो, इसके लिए खंती खोदकर बीज बुवाई की गई। विभाग का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य केवल अतिक्रमण हटाना ही नहीं, बल्कि वनभूमि को दोबारा हरित स्वरूप देना भी है।
रेंजर अंकुर तिवारी का कहना है कि शासन के निर्देशानुसार संरक्षित वनभूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। जिन क्षेत्रों में अवैध कब्जे या अतिक्रमण की सूचना मिलेगी, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने लोगों से भी अपील की है कि वनभूमि पर किसी प्रकार का अतिक्रमण या निर्माण करने से बचें, क्योंकि ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में वनभूमि पर कब्जा करने वालों में हड़कंप की स्थिति है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी केशवाही वन परिक्षेत्र सहित जिले के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में अभियान जारी रहेगा और वन संपदा की सुरक्षा के लिए किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

0 Comments