Ticker

6/recent/ticker-posts

जेल से लौटे व्यक्ति की करंट लगने से मौत, चार साल पहले की थी बेटी की हत्या

 


शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र में करंट की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक चार वर्ष पहले अपनी नाबालिग बेटी की हत्या के मामले में जेल गया था और करीब एक सप्ताह पहले ही जेल से घर लौटा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

घर की बिजली सुधारते समय हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार, कुबरा गांव निवासी 40 वर्षीय मनोज कुमार सोनी घर की बिजली लाइन ठीक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। करंट इतना तेज था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर जयसिंहनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

चार साल पहले बेटी की हुई थी मौत

पुलिस के मुताबिक, करीब चार वर्ष पहले मनोज कुमार सोनी का अपनी पत्नी से विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान उसने लोहे की रॉड से पत्नी पर हमला किया। इसी बीच उनकी पांच वर्षीय बेटी बीच-बचाव करने पहुंच गई और रॉड उसके सिर पर लग गई। गंभीर चोट लगने से मासूम की मौत हो गई थी। मामले में पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया था। बाद में उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया था।

एक सप्ताह पहले ही लौटा था घर

जानकारी के अनुसार, मनोज कुमार सोनी करीब एक सप्ताह पहले ही जेल से छूट कर अपने घर आया था। घर लौटने के बाद वह सामान्य जीवन शुरू करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान बिजली की मरम्मत करते समय हुए हादसे में उसकी जान चली गई।

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला करंट लगने से हुई आकस्मिक मौत का है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है, क्योंकि चार साल पहले हुई बेटी की हत्या का मामला भी क्षेत्र में काफी चर्चित रहा था।

Post a Comment

0 Comments