शहडोल। सादिक खान
शहडोल। जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र में 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। बाजार से घर लौटते समय रास्ते में कुल्हाड़ियां नदी के पास उनका खून से लथपथ शव मिला। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान ग्राम कनाड़ी निवासी गेंदा बाई यादव (60), पत्नी ललुआ यादव के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि गेंदा बाई सोमावर को घर से बाजार जाने के लिए निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की।
इसी दौरान गेंदा बाई के घर के पास रहने वाली एक महिला बाजार से लौटते समय कुल्हाड़ियां नदी के पास पहुंची तो उसने गेंदा बाई का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। महिला ने तुरंत गांव पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही जयसिंहनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में महिला की गर्दन पर धारदार हथियार से किए गए वार के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका की पुष्टि हुई है।
थाना प्रभारी अजय कुमार बैगा का कहना है कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
वहीं, ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि हत्या के पीछे जादू-टोना का संदेह कारण हो सकता है। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा।

0 Comments