Ticker

6/recent/ticker-posts

बिरसा मुंडा मेडिकल कॉलेज में मेडिकल एंड हेल्थ नर्सिंग एसोसिएशन का गठन, नर्सिंग कर्मियों के हितों की आवाज बनेगा संगठन

 


शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। बिरसा मुंडा शासकीय मेडिकल कॉलेज, शहडोल में मेडिकल एंड हेल्थ नर्सिंग एसोसिएशन का गठन किया गया है। 13 जुलाई को आयोजित बैठक के बाद 14 जुलाई को सर्वसम्मति से संगठन की नई कार्यकारिणी का गठन हुआ। संगठन का उद्देश्य नर्सिंग अधिकारियों और कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा, सेवा संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास तथा स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुदृढ़ बनाने में सकारात्मक भूमिका निभाना है। शुक्रवार जारी प्रेस नोट में इसकी जानकारी मीडिया प्रभारी दीपेश अंकित कीर्तन ने दी है।

बैठक में सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का चयन किया गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन को निष्पक्ष, पारदर्शी और लोकतांत्रिक तरीके से संचालित करने का संकल्प लिया। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि नर्सिंग संवर्ग से जुड़े मुद्दों को शासन और संबंधित विभाग के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।

बैठक में मौजूद सदस्यों ने संगठन की एकजुटता को मजबूत करने, अधिक से अधिक नर्सिंग अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जोड़ने तथा मरीजों के हितों और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।

जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद साहू ने संगठन के गठन पर प्रदेश अध्यक्ष धनराज नागर एवं प्रदेश कार्यकारिणी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह संगठन नर्सिंग कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी मंच साबित होगा।

Post a Comment

0 Comments