Ticker

6/recent/ticker-posts

गांधी चौक पर सड़क बनी विवाद का मंच, कांग्रेस सेवा दल अध्यक्ष से उलझा नशेड़ी कार चालक

 


शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। जिला मुख्यालय के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित गांधी चौक पर जिला कांग्रेस सेवा दल के अध्यक्ष प्रमोद जैन और एक कार चालक के बीच,बीच सड़क विवाद हो गया। घटना के दौरान कुछ देर के लिए मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस और यातायात पुलिस मौके पर पहुंची तथा दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत कराया।

जिला कांग्रेस सेवा दल के अध्यक्ष प्रमोद जैन ने बताया कि वह अपनी स्कूटी से गांधी चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क के बीचोंबीच एक कार खड़ी थी, जिससे अन्य वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। उनका कहना है कि उन्होंने कार चालक से केवल इतना कहा कि वह वाहन को सही तरीके से किनारे खड़ा कर दें, ताकि यातायात सुचारु रूप से चल सके।

प्रमोद जैन के अनुसार, इस बात पर कार चालक राहुल शुक्ला भड़क गया और उनके साथ गाली-गलौज करते हुए विवाद करने लगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कार चालक नशे की हालत में प्रतीत हो रहा था और मामूली बात को लेकर उसने अभद्र व्यवहार किया। दोनों के बीच काफी देर तक बहस होती रही, जिससे गांधी चौक पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई और कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद कोतवाली पुलिस और यातायात पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और आपसी समझाइश के बाद विवाद समाप्त कराया। घटना में किसी प्रकार की मारपीट या गंभीर चोट की जानकारी सामने नहीं आई है।

प्रमोद जैन ने कहा कि गांधी चौक शहर का सबसे व्यस्त चौराहा है, जहां लंबे समय तक सड़क के बीच कार खड़ी रहने के बावजूद कोई पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद नहीं था। उनका कहना है कि यदि यातायात व्यवस्था पर पहले से निगरानी रहती तो विवाद की स्थिति नहीं बनती। उन्होंने बताया कि वह पूरे मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक को देकर आवश्यक कार्रवाई की मांग करेंगे।

फिलहाल पुलिस ने मौके पर स्थिति सामान्य होने की पुष्टि की है। मामले में किसी पक्ष की ओर से समाचार लिखे जाने तक औपचारिक शिकायत दर्ज होने की जानकारी नहीं मिली थी।

Post a Comment

0 Comments