Ticker

6/recent/ticker-posts

मेडिकल कॉलेज पहुंचना बना चुनौती: मुख्य गेट के सामने सड़क जर्जर, गड्ढों में भरा पानी, गंदगी से मरीज परेशान

 


शहडोल।सादिक खान 

शहडोल। बिरसा मुंडा शासकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचना अब मरीजों और उनके परिजनों के लिए चुनौती बनता जा रहा है। मेडिकल कॉलेज के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने की सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

हैरानी की बात यह है कि यह मार्ग मेडिकल कॉलेज का मुख्य प्रवेश मार्ग है, जहां से रोजाना मरीज, डॉक्टर, कर्मचारी और जिले के वरिष्ठ अधिकारियों का आना-जाना होता है। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत और गड्ढों को भरने की दिशा में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से यह समस्या बनी हुई है।

शहडोल जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री के साथ-साथ चिकित्सा शिक्षा मंत्री भी हैं। इसके बावजूद मेडिकल कॉलेज के मुख्य द्वार के सामने की बदहाल सड़क और फैली गंदगी पर अब तक जिम्मेदार विभागों का ध्यान नहीं गया है।

मेडिकल कॉलेज प्रबंधन का कहना है कि मुख्य गेट के सामने हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए कई बार संबंधित विभाग को पत्र लिखा जा चुका है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि सड़क के गड्ढों से ज्यादा परेशानी मेडिकल कॉलेज गेट के सामने फैली गंदगी से हो रही है। उनका कहना है कि मुख्य द्वार के सामने लगी कुछ दुकानों के कारण यहां कचरा जमा रहता है, जिससे जलभराव और बदबू की समस्या बनी रहती है। मरीजों और उनके परिजनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचने से पहले इसी गंदगी और पानी से भरे गड्ढों से होकर गुजरना पड़ता है। लोगों ने प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत, जलनिकासी की व्यवस्था और गंदगी हटाने की मांग की है।



Post a Comment

0 Comments