Ticker

6/recent/ticker-posts

शहर की सड़कों पर सीवर-गैस पाइपलाइन का काम बना मुसीबत, गड्ढों में फंस रहे वाहन, लोग परेशान



 शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। शहर में सीवर लाइन और गैस पाइपलाइन बिछाने के लिए चल रहे निर्माण कार्य के कारण आम लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। शहर की कई प्रमुख सड़कें और मोहल्लों की गलियां खुदाई के बाद बदहाल स्थिति में पहुंच गई हैं। निर्माण एजेंसियों द्वारा पाइपलाइन डालने के बाद गड्ढों को केवल मिट्टी डालकर भर दिया गया, लेकिन लगातार हो रही बारिश से यह मिट्टी धंस गई है। इससे सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनमें आए दिन वाहन फंस रहे हैं और दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के अधिकांश वार्डों और गलियों में यही स्थिति बनी हुई है। सड़कें कहीं उखड़ी हुई हैं तो कहीं कीचड़ और जलभराव के कारण पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर वाहन चालक गड्ढों का अनुमान नहीं लगा पाते और हादसे का शिकार होते-होते बचते हैं।

बारिश के बीच शुक्रवार को कमिश्नर बंगले के सामने सड़क धंसने से एक कार गड्ढे में फंस गई। वाहन को बाहर निकालने के लिए लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसी तरह पुलिस लाइन जाने वाले मार्ग पर एक निजी स्कूल के सामने जलभराव के बीच सड़क धंस जाने से एक स्कॉर्पियो वाहन भी गड्ढे में फंस गया। घटना के कारण कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा और लोगों की भीड़ लग गई।

रहवासियों का आरोप है कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद सड़कों का स्थायी रूप से पुनर्निर्माण नहीं किया जा रहा। केवल औपचारिक रूप से मिट्टी डालकर काम पूरा मान लिया जाता है, जबकि बारिश शुरू होते ही सड़कें फिर धंस जाती हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।

स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका और संबंधित निर्माण एजेंसियों से मांग की है कि जिन स्थानों पर कार्य पूरा हो चुका है, वहां तत्काल गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण कराया जाए। साथ ही जलभराव वाले स्थानों की निकासी की व्यवस्था भी की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। नागरिकों का कहना है कि विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन निर्माण के बाद सड़कों को सुरक्षित और सुगम बनाना भी एजेंसियों की जिम्मेदारी है।

Post a Comment

0 Comments