Ticker

6/recent/ticker-posts

अनूपपुर सीमा पर हाथियों की दस्तक, शहडोल के सीमावर्ती गांवों में हाई अलर्ट, वन विभाग ने संभाला मोर्चा

 




शहडोल।सादिक खान 

शहडोल। अनूपपुर जिले की सीमा पर तीन जंगली हाथियों के डेरा डालने के बाद शहडोल के केशवाही वन परिक्षेत्र से लगे गांवों में वन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। हाथियों का झुंड फिलहाल अनूपपुर क्षेत्र में विचरण कर रहा है, लेकिन शहडोल सीमा से महज दो किलोमीटर की दूरी पर होने के कारण वन अमला लगातार उनकी गतिविधियों की निगरानी कर रहा है। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए सीमावर्ती गांवों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

केशवाही वन परिक्षेत्र अधिकारी अंकुर तिवारी ने बताया कि बीट रामपुर अंतर्गत बैरिहा, रामपुर, पड़रिया सहित अन्य गांवों में मुनादी कर ग्रामीणों को सतर्क किया गया है। लोगों से अपील की गई है कि रात के समय जंगल या खेतों की ओर अकेले न जाएं और हाथियों की कोई भी गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें। ग्रामीणों को यह भी समझाया गया है कि हाथियों के करीब जाने या उन्हें किसी भी तरह से उकसाने का प्रयास न करें।

वन विभाग ने हाथियों की लोकेशन की जानकारी समय पर उपलब्ध कराने के लिए ग्रामीणों के मोबाइल फोन में गज रक्षक ऐप भी डाउनलोड कराया है। इसके साथ ही वन अमले की गश्त बढ़ा दी गई है और हाथियों की हर गतिविधि पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि अभी तक हाथियों ने शहडोल जिले की सीमा में प्रवेश नहीं किया है, लेकिन एहतियात के तौर पर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

वन विभाग द्वारा क्षेत्र में जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसमें ग्रामीणों को हाथियों से बचाव के उपाय, सुरक्षित दूरी बनाए रखने और आपात स्थिति में क्या करना चाहिए, इसकी जानकारी दी जा रही है। विभाग का उद्देश्य किसी भी जनहानि या नुकसान की संभावना को पूरी तरह रोकना है।

गौरतलब है कि पिछले महीने इसी झुंड का एक हाथी केशवाही वन परिक्षेत्र में पहुंच गया था, जिसे वन विभाग की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर बांधवगढ़ भेज दिया था। पिछले अनुभव को ध्यान में रखते हुए इस बार वन विभाग पहले से अधिक सतर्कता और रणनीति के साथ निगरानी कर रहा है, ताकि हाथियों की आवाजाही के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।

Post a Comment

0 Comments