शहडोल। सादिक खान
शहडोल। शहर की जैन कॉलोनी में सूने मकान का ताला तोड़कर हुई लाखों रुपये की चोरी का कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण समेत करीब 20 लाख रुपये कीमत का मशरूका बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, जैन कॉलोनी निवासी नवीन ने गुरुवार को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि मकान सूना था और अज्ञात आरोपियों ने ताला तोड़कर घर के अंदर रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
चोरी की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की मदद से साक्ष्य जुटाए।
इसके साथ ही तकनीकी और अन्य माध्यमों से संदिग्धों की जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके बाद तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ और जांच के आधार पर पुलिस ने चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदर्श यादव उर्फ आदि (18), निवासी घरोला मोहल्ला, शहडोल, शशिकांत गौतम (26), निवासी वार्ड क्रमांक 14/19 घरोला मोहल्ला और आशीष साहू उर्फ करण (19), निवासी घरोला मोहल्ला, शहडोल के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण समेत करीब 20 लाख रुपये कीमत का सामान बरामद किया है। पुलिस अब आरोपियों से चोरी की वारदात और इसमें शामिल अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है।
कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी सहित उप निरीक्षक दिलीप सिंह, सहायक उप निरीक्षक और आरक्षक स्तर के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


0 Comments