शहडोल। सादिक खान
शहडोल। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल शनिवार को शहडोल जिले के दौरे पर हैं। वे शुक्रवार रात ही शहडोल पहुंच गए थे। जिले के सबसे बड़े जिम्मेदार जनप्रतिनिधि के दौरे के बावजूद नगर पालिका की व्यवस्थाओं में कोई सुधार नजर नहीं आया। शहर की सड़कों पर आवारा मवेशियों का जमघट नगर पालिका की कार्यप्रणाली की पोल खोल रहा है।
शनिवार सुबह शहडोल-रीवा मुख्य मार्ग पर नए अंडरब्रिज के समीप आवारा मवेशियों का झुंड बीच सड़क पर बैठा नजर आया। सड़क पर मवेशियों के कब्जे के कारण दोनों ओर से आने-जाने वाले वाहनों को परेशानी उठानी पड़ी। हालात ऐसे रहे कि कुछ बस चालकों को अपने परिचालकों को नीचे उतारकर मवेशियों को सड़क से हटवाना पड़ा। इसके बाद ही बसों का आवागमन शुरू हो सका।
हैरानी की बात यह है कि इसी मार्ग से उपमुख्यमंत्री एवं प्रभारी मंत्री का काफिला भी गुजरना है, इसके बावजूद नगर पालिका का हांका दल मौके से नदारद रहा। मंत्री के दौरे को लेकर भी यदि नगर पालिका सड़क से मवेशियों को हटाने की व्यवस्था नहीं कर पा रही है तो आम दिनों में शहर की सड़कों का क्या हाल रहता होगा, इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।
मेडिकल कॉलेज जाने वाले मरीजों की जान पर खतरा
यह मार्ग केवल सामान्य आवागमन का रास्ता नहीं है, बल्कि मेडिकल कॉलेज पहुंचने का भी प्रमुख रास्ता है। इसी सड़क से गंभीर मरीजों को लेकर एंबुलेंस तेज रफ्तार में गुजरती हैं। ऐसे में बीच सड़क पर बैठे मवेशी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। सवाल यह है कि क्या नगर पालिका किसी दुर्घटना का इंतजार कर रही है? प्रभारी मंत्री के दौरे के दिन सामने आई यह तस्वीर नगर पालिका की लापरवाही और शहर की बदहाल व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

0 Comments