Ticker

6/recent/ticker-posts

मदद के बहाने यात्री को बनाया शिकार, शराब पिलाकर लूटा iPhone और 50 हजार रुपये; तीन आरोपी गिरफ्तार

 


शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। दूसरे शहर से ट्रेन में सफर कर घर लौटना एक यात्री को महंगा पड़ गया। शहडोल रेलवे स्टेशन पर आगे जाने का साधन नहीं मिलने के दौरान मिले दो लोगों ने उसे मदद का भरोसा दिलाया। इसके बाद शराब दुकान से शराब खरीदवाई और रेलवे कॉलोनी के एक सुनसान खंडहर मकान में ले जाकर शराब पिलाई। यात्री के नशे में बेसुध होने पर उसका iPhone और नकदी लेकर आरोपी फरार हो गए। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 50 हजार रुपए बताई गई है। कोतवाली पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरी संपत्ति बरामद कर ली है।

3 नवंबर की रात हुई थी वारदात

पुलिस के अनुसार, बिलासपुर जिले के बेलगहना थाना क्षेत्र के निवासी विकास कोल पिता दिनेश कोल 3 नवंबर 2026 को नागपुर-शहडोल ट्रेन से शहडोल पहुंचे थे। उन्हें अपने घर जाना था, लेकिन रात में आगे जाने का साधन नहीं मिलने के कारण वे रेलवे स्टेशन पर रुक गए। इसी दौरान स्टेशन के बाहर मिले दो लोगों ने उन्हें शराब दुकान ले जाकर शराब खरीदवाई। इसके बाद रेलवे कॉलोनी स्थित एक निर्जन खंडहर मकान में ले जाकर शराब पिलाई। विकास के नशे में बेसुध होने पर आरोपियों ने उनकी जेब से iPhone मोबाइल और नकदी चोरी कर ली।

तीन आरोपी गिरफ्तार, पूरा माल बरामद

पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने 5 नवंबर को भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 61(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने विकास लोधी उर्फ पोल (28), निवासी रेलवे कॉलोनी शहडोल, राज जायसवाल (19), निवासी ग्राम कुंदरी थाना सोहागपुर और सागर बर्मन (25), निवासी किरण टॉकीज के पास शहडोल को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई शत-प्रतिशत संपत्ति बरामद कर ली। तीनों आरोपियों को 6 नवंबर को न्यायालय में पेश किया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम की भूमिका रही।

Post a Comment

0 Comments