Ticker

6/recent/ticker-posts

जंगल छोड़ गायब हुआ बीटगार्ड, विभाग ने थमाया सस्पेंशन आदेश



शहडोल। सादिक खान 

 शहडोल। दक्षिण वन मंडल के पटासी बीट में पदस्थ वनरक्षक की पांच माह से अधिक समय तक ड्यूटी से गैरहाजिरी आखिरकार भारी पड़ गई। बिना सूचना गायब रहने और शासकीय राशि के अनियमित आहरण के आरोप में डीएफओ ने संबंधित वनरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

शनिवार जारी प्रेस नोट के अनुसार शिवप्रसाद मरकाम, वनरक्षक, वन परिक्षेत्र शहडोल अंतर्गत बीटगार्ड पटासी, 18 सितंबर 2025 से न तो अपनी ड्यूटी पर उपस्थित हो रहे थे और न ही मुख्यालय में उनका कोई पता चल पा रहा था। विभागीय अधिकारियों को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने नोटिस जारी कर संपर्क साधने की कोशिश की, लेकिन पांच माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी न तो उनसे संपर्क हो सका और न ही वे मुख्यालय या कार्यस्थल पर उपस्थित हुए।

मामले को गंभीर लापरवाही मानते हुए वन मंडलाधिकारी, दक्षिण वन मंडल शहडोल की डीएफओ श्रद्धा पंद्रे ने कार्रवाई करते हुए शिवप्रसाद मरकाम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। आदेश में उल्लेख है कि संबंधित वनरक्षक द्वारा शासकीय सुरक्षा मद की राशि का अनाधिकृत आहरण किया गया तथा सुरक्षा श्रमिकों को भुगतान भी नहीं किया गया, जो गंभीर वित्तीय अनियमितता की श्रेणी में आता है।

यह कार्रवाई म.प्र. सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम 09 के तहत की गई है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय वन परिक्षेत्र केशवाही निर्धारित किया गया है। साथ ही नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

वन विभाग की इस सख्त कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि ड्यूटी में लापरवाही और वित्तीय अनियमितता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभागीय सूत्रों के अनुसार वनरक्षक पूर्व में भी ऐसी लापरवाही कर चुका है।

Post a Comment

0 Comments