Ticker

6/recent/ticker-posts

बीच बाजार चोरों का धावा: ज्वेलरी दुकान का शटर तोड़ लाखों पर हाथ साफ



शहडोल। सादिक खान 

 शहडोल। जिले में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला रविवार तड़के देवलौंद थाना क्षेत्र के धरी नंबर दो से सामने आया है, जहां अज्ञात चोरों ने एक ज्वेलरी दुकान का शटर तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

पुलिस के अनुसार धरी नंबर दो निवासी दुकान संचालक फूल चंद सोनी रोज की तरह शनिवार रात दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। रविवार सुबह जब वह दुकान पहुंचे तो शटर टूटा देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी। गौरतलब है कि दुकान के ठीक पीछे ही उनका घर है और दुकान बीच बस्ती में स्थित है, इसके बावजूद चोरों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे दिया।

दुकानदार के मुताबिक दुकान में रखे लगभग एक किलो चांदी और सोने के जेवरात चोरी हुए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र का मुआयना कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि रात के समय क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग नहीं होती, जिसके चलते चोर सक्रिय हैं। बीच बस्ती में हुई इस चोरी ने पुलिस गश्त पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि आसपास बारीकी की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

गौरतलब है कि अभी हाल में ही कोतवाली के कल्याणपुर में लगातार दो दिनों में कई चोरी की वारदात हुई है।मामला दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है लेकिन चोर अभी पकड़े नहीं गए है।


Post a Comment

0 Comments