शहडोल। सादिक खान
शहडोल के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बस स्टैंड में गुरुवार दोपहर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब डायल 112 में तैनात चालक और पुलिसकर्मी पर नशे में वाहन चलाने का आरोप लगा। लापरवाही से चलाए गए वाहन ने एक बाइक को टक्कर मार दी, जिसके बाद मौके पर भीड़ जुट गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय डायल 112 में मौजूद पायलट और पुलिसकर्मी नशे में थे। पायलट ने तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए बाइक सवार को ठोकर मार दी, जिससे उसे पैर में चोट आई। घटना के बाद जब स्थानीय लोगों ने विरोध जताया, तो आरोप है कि चालक और पुलिसकर्मी ने गाली-गलौज शुरू कर दी, जिससे लोगों का गुस्सा और भड़क गया।
मामले ने तूल तब पकड़ा जब आक्रोशित लोगों ने डायल 112 वाहन को रोक लिया और मौके पर ही हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान कुछ लोगों ने घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। वीडियो में एफआरवी 13 वाहन दिखाई दे रहा है, जो कोतवाली थाना का बताया जा रहा है। इसमें पायलट के रूप में अजय द्विवेदी और पुलिसकर्मी के रूप में दुर्योधन सिंह के नाम सामने आ रहे हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
हंगामे के बीच चालक और पुलिसकर्मी वाहन लेकर वहां से निकलने की कोशिश करने लगे, लेकिन लोगों ने उन्हें घेर लिया, जिससे बस स्टैंड क्षेत्र में कुछ समय के लिए जाम की स्थिति निर्मित हो गई। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

0 Comments