शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र अंतर्गत खड्डा गांव में बीती रात एक झोपड़ी नुमा किराना दुकान में अज्ञात लोगों द्वारा आग लगा देने का मामला सामने आया है। घटना में दुकान पूरी तरह जलकर राख हो गई, जिससे दुकानदार को हजारों रुपए का नुकसान हुआ है। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार खड्डा गांव निवासी सालिकराम पटेल सड़क किनारे झोपड़ी नुमा दुकान में किराना सामग्री रखकर अपना व्यवसाय करते थे। रोज की तरह रविवार शाम को वे दुकान का सारा सामान पेटी में बंद कर घर चले गए थे। सोमवार सुबह जब वे दुकान खोलने पहुंचे तो वहां का नजारा देख हैरान रह गए। पूरी दुकान जल चुकी थी और अंदर रखा सामान भी राख में तब्दील हो गया था।

पीड़ित सालिकराम पटेल ने बताया कि उन्हें संदेह है कि गांव के कुछ लोगों ने जानबूझकर उनकी दुकान में आग लगाई है, हालांकि उनका किसी से कोई विवाद नहीं था। घटना के बाद उन्होंने ब्यौहारी थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और संदिग्धों की तलाश के साथ ही आगजनी के कारणों की जांच की जा रही है।