शहडोल। सादिक खान 

शहडोल में बाइक चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला सोहागपुर थाना क्षेत्र के शासकीय मेडिकल कॉलेज का है, जहां ड्यूटी पर तैनात एक नर्सिंग ऑफिसर की मोटरसाइकिल दिनदहाड़े पार कर दी गई। हैरानी की बात यह है कि पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसके बाद पीड़ित ऑफिसर ने चोर की पहचान बताने वाले को इनाम देने की घोषणा कर दी है।

जानकारी के अनुसार मेडिकल कॉलेज परिसर में रहने वाले नर्सिंग ऑफिसर राजा बाबू मेश्राम साइट्रिक वार्ड में नाइट ड्यूटी पर थे। ड्यूटी पर जाने से पहले उन्होंने अपनी पैशन प्रो मोटरसाइकिल अस्पताल के बाहर लॉक कर खड़ी की थी। सुबह जब उनकी ड्यूटी समाप्त हुई और वह घर जाने के लिए बाहर आए तो जहां उन्होंने बाइक खड़ी की थी, वहां वह गायब मिली।

घटना के बाद अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले गए। फुटेज में दो संदिग्ध युवक बाइक के आसपास घूमते नजर आ रहे हैं। कुछ देर बाद उनमें से एक युवक मास्टर चाबी की मदद से बाइक का लॉक खोलता है और दोनों मिलकर मोटरसाइकिल लेकर फरार हो जाते हैं। यह पूरी वारदात कैमरे में कैद हो गई है।

पीड़ित नर्सिंग ऑफिसर और उनके साथियों ने बाइक की तलाश करने की कोशिश की। इस दौरान जानकारी मिली कि आरोपी बाइक लेकर बुढार हाईवे की ओर भागे हैं। इसके बाद उन्होंने सोहागपुर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

वहीं, पीड़ित राजा बाबू मेश्राम ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अगर फुटेज के आधार पर कोई व्यक्ति बदमाशों की पहचान बताता है तो उसे उचित इनाम दिया जाएगा। लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।