Ticker

6/recent/ticker-posts

पुलिस ने खदेड़ा पलटी कार, भागते समय दो गांजा तस्करो कुएं में गिरकर मौत



 शहडोल।सादिक खान 

शहडोल जिले में डायल 112 पुलिस की कार्रवाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जैतपुर से कमता की ओर जा रही गांजा लदी कार का पीछा करते समय वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद भाग रहे दो तस्कर कुएं में गिर गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी वहां से हट गए।

जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र में बीती रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां गांजा तस्करों का पीछा करते समय हादसा हो गया और दो आरोपियों की मौत हो गई। घटना कमता तिराहे के पास की है, जहां पुलिस की दबिश के दौरान तस्करों की कार पलट गई और जान बचाने के प्रयास में दोनों आरोपी कुएं में जा गिरे।

जानकारी के अनुसार, जैतपुर की ओर से एक कार कमता की तरफ जा रही थी। इसी दौरान डायल 112 में तैनात आरक्षक कृष्णेंद्र यादव और पायलट ड्यूटी पर मौजूद टीम को वाहन संदिग्ध लगा। पुलिस को देखते ही कार सवार तस्कर भागने लगे। तेज रफ्तार में भागते समय कमता कॉलेज तिराहे के पास कार अनियंत्रित होकर पलट गई।

कार पलटने के बाद उसमें सवार आरोपी वाहन से कूदकर भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया, लेकिन हादसे वाली जगह से करीब 100 मीटर दूर दोनों आरोपी अंधेरे में एक कुएं में गिर गए। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद पुलिस कर्मी मौके से भाग गए। 

मृतकों की पहचान तनुज शुक्ला और बुढार निवासी सचिन सिंह बघेल के रूप में हुई है। मंगलवार सुबह पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कुएं से बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की गई।

थाना प्रभारी जय प्रकाश शर्मा ने बताया कि मौके से क्रेटा कार में करीब 6 किलो गांजा बरामद किया गया है। साथ ही यह भी कहा कि पूरे मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है और घटना की जांच जारी है।

घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर पुलिस की कार्रवाई और घटनास्थल पर मौजूद हालात को लेकर। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

सूत्रों की माने तो आरक्षक यादव दिन-रात डायल 112 में ही तैनात रहता है,और अवैध वसूली करता है कई बार आरक्षक की शिकायत भी हुई लेकिन वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्यवाही नहीं कि, आखिरकार वसूली के चक्कर में दो लोगों की जान चली गई। वाहन से गांजा मिला या नहीं यह बड़ा सवाल है। पुलिस ने खदेड़ते समय दोनों को कुएं में गिरता देख मौके से पुलिस भागी क्यों और रात में ही अधिकारियों को क्यों नहीं बताया।



Post a Comment

0 Comments