शहडोल। सादिक खान
शहडोल के जैतपुर थाना क्षेत्र स्थित चकौडिया गांव में एक मार्मिक हादसे ने उत्सव का माहौल पल भर में शोक में बदल दिया। बेटी की शादी की खुशियों को बांटने निकले पिता अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी जान चली गई, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बाबूराम बैगा (45) निवासी भालूमंडा थाना क्षेत्र, जिला अनूपपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उनकी पुत्री का विवाह 27 अप्रैल को होना था। इसी सिलसिले में बाबूराम बैगा रिश्तेदारी में शादी के कार्ड बांटने निकले थे। वे जैतपुर के बिरौडी गांव में निमंत्रण देने के बाद बाइक से चकौडिया की ओर जा रहे थे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाबूराम बैगा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जैतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
थाना प्रभारी जय प्रकाश शर्मा ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ कर रही है।
इधर, इस हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में कुछ दिनों बाद शादी की खुशियां गूंजने वाली थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। गांव में भी इस घटना को लेकर गहरा दुख और आक्रोश देखा जा रहा है।

0 Comments