शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। अवैध रेत कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने जैतपुर क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई करते हुए विभिन्न स्थानों पर भंडारित रेत को जेसीबी मशीन से नष्ट कर दिया। खनिज, राजस्व एवं पुलिस विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान करीब 130 घन मीटर अवैध रेत जब्त कर उसका विनष्टीकरण किया।

जानकारी के अनुसार गाड़ाघाट के पास ग्राम डोंगरीटोला में दो अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से रेत का भंडारण पाया गया। नदी किनारे करीब 40 घन मीटर तथा गप्पू टोला स्थित निर्माणाधीन ग्रामीण सड़क के पास लगभग 50 घन मीटर रेत शासकीय भूमि पर जमा मिली। दोनों भंडारणों को जेसीबी मशीन की मदद से मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

इसके बाद टीम ने ग्राम रसमोहिनी के आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया, जहां दो स्थानों पर करीब 40 घन मीटर रेत का अवैध भंडारण मिला। इस रेत को भी तत्काल नष्ट कर दिया गया। प्रशासन भंडारणकर्ताओं की पहचान करने में जुटा है।

कार्रवाई के दौरान एसडीएम जैतपुर, खनिज निरीक्षक अभिषेक पटले सहित खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग का अमला मौजूद रहा। प्रशासन ने अवैध खनन और भंडारण के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।