शहडोल। सादिक खान
शहडोल। कोतवाली थाना क्षेत्र के निगम कॉलोनी में सूने घर को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने लाखों रुपए के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस समय हुई जब घर के सदस्य शादी समारोह में शामिल होने बाहर गए हुए थे। चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर घुसकर करीब 8 तोला सोना और डेढ़ किलो से अधिक चांदी चोरी कर ली, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपए बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 6/7 स्थित निगम कॉलोनी के साहू मोहल्ला निवासी रविकांत शर्मा के घर यह वारदात हुई। पीड़ित रविकांत शर्मा ने बताया कि वे अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। जब वे वापस लौटे तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था, जिससे साफ हो गया कि चोर घर में घुसकर चोरी कर चुके हैं।
पीड़ित के मुताबिक घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात पूरी तरह गायब थे। उन्होंने बताया कि वे एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत हैं और घर में सुरक्षित रखे गहनों को चोर ले उड़े। घटना की सूचना तुरंत कोतवाली पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
इधर, स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है। रहवासियों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस गश्त और कार्रवाई प्रभावी नहीं दिख रही है। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि पुरानी चोरी की घटनाओं का खुलासा अब तक नहीं हो पाया है, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास के संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।

0 Comments