शहडोल।सादिक खान
शहडोल जिले में बीते दो दिनों से मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। शाम होते ही तेज हवाओं के साथ बारिश और आकाशीय बिजली की घटनाएं बढ़ गई हैं। इसी दौरान एक दुखद हादसा सामने आया, जहां बिजली गिरने से एक युवक की जान चली गई।घटना चौकी केशवाही क्षेत्र में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक युवक रामकांत साहू (22) निवासी डोडियाटोला अपने पिता सीताराम साहू के साथ बलबहरा गांव स्थित संतोष साहू के खेत में भूसा लेने गया हुआ था। बताया जा रहा है कि रात के समय अचानक मौसम बिगड़ गया और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी । इसी दौरान खलिहान में गिरी बिजली की चपेट में रामकांत आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के समय उसके पिता कुछ दूरी पर पीछे रह गए थे, जिससे वह सुरक्षित बच गए। जैसे ही पिता मौके पर पहुंचे, उन्होंने देखा कि उनका बेटा जमीन पर पड़ा हुआ है और उसकी मौत हो चुकी है। यह दृश्य देखकर पिता बदहवास हो गए और आसपास के लोगों को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया गया। सूचना के बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। वहीं, लगातार बदल रहे मौसम को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है, खासकर बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।

0 Comments