Ticker

6/recent/ticker-posts

हंगामे में शहर थर्राया, पुलिस की एंट्री ही नहीं:शहडोल में कानून बेबस? मेन रोड पर आधे घंटे तक हंगामा

 


शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। शहर में कानून व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। कोतवाली थाना क्षेत्र में शनिवार रात राजेंद्र सिंह क्लिनिक के सामने एक कार और स्कूटी की टक्कर के बाद जमकर विवाद हुआ। दोनों पक्षों के बीच शुरू हुआ झगड़ा देखते ही देखते बढ़ गया और कुछ ही देर में दोनों तरफ से दर्जनों युवक मौके पर पहुंच गए। और मारपीट होने लगी,सड़क के बीच हुए इस विवाद ने हंगामे का रूप ले लिया और करीब आधे घंटे तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।

जाम में फंसी रही सड़क

घटना के दौरान मेन रोड पर लंबा जाम लग गया। राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। खास बात यह रही कि घटना स्थल से कोतवाली थाना महज कुछ दूरी पर होने के बावजूद न तो पुलिस मौके पर पहुंची और न ही यातायात कर्मी दिखाई दिए। इससे पुलिस की पेट्रोलिंग व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

स्थानीय युवाओं ने संभाला मोर्चा

स्थिति बिगड़ती देख आसपास के स्थानीय युवक मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की। काफी देर तक समझाइश के बाद विवाद शांत हो सका। यदि समय रहते स्थानीय लोग हस्तक्षेप नहीं करते तो मामला और गंभीर हो सकता था।

पेट्रोलिंग व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में लगातार ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस की गश्त नजर नहीं आती। सूत्रों के मुताबिक यातायात प्रभारी का मुख्यालय बुढार में होने के कारण शाम के बाद शहर में उनकी मौजूदगी नहीं रहती। बीते दिनों भी ऐसा विवाद कोतवाली के शेर चौक में हुआ था जहां दुकान के अंदर घुस कर मारपीट हुई थी ।

पुलिस का पक्ष

वहीं कोतवाली पुलिस का कहना है कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन तब तक विवाद शांत हो चुका था। दोनों पक्षों को थाने लाकर मामले की जांच की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments