शहडोल। सादिक खान
शहडोल। जिले के बुढार थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में 10 वर्षीय मासूम की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि घर में रखे लोहे के कुलर की बॉडी में करंट उतर आया था, जिसकी चपेट में आने से बच्चे की जान चली गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुढार थाना क्षेत्र के हाथीडोल गांव निवासी हर्ष द्विवेदी पिता सुनील द्विवेदी उम्र 10 वर्ष घर में खेल रहा था। इसी दौरान खेलते-खेलते उसकी बॉल घर में रखे कुलर के पास चली गई। हर्ष जब बॉल निकालने के लिए कुलर के पास पहुंचा तो अचानक उसे जोरदार करंट लग गया। करंट लगते ही बच्चा जमीन पर गिर पड़ा और चीख-पुकार मच गई।
घटना के समय घर में मौजूद परिजन तुरंत उसे गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस हादसे से स्तब्ध हैं और बड़ी संख्या में लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
सूचना मिलने पर बुढार पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लोहे के कुलर की बॉडी में करंट आ गया था, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कुलर में तकनीकी खराबी थी या बिजली कनेक्शन में कोई गड़बड़ी हुई थी।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी जिले के केशवाही क्षेत्र में इसी तरह का हादसा सामने आया था, जहां करंट लगने से एक बच्चे की मौत हो गई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद विद्युत उपकरणों के उपयोग में सावधानी बरतने की जरूरत महसूस की जा रही है।

0 Comments