Ticker

6/recent/ticker-posts

किसान से दिनदहाड़े लुट : दो बोरी महुआ और मोबाइल लेकर भागे तीन बदमाश, एक गिरफ्तार

 


शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। गोहपारू थाना क्षेत्र में एक किसान से दिनदहाड़े दो बोरी महुआ और मोबाइल लूटने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़ित ने साहस दिखाते हुए आरोपियों का पीछा किया और उनके घर तक पहुंच गया। बाद में पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार पीड़ित रामदास सिंह निवासी भटगवां थाना जयसिंहनगर, अपनी मोटरसाइकिल से हररी से गांव लौट रहा था। बाइक में दो बोरी महुआ रखा हुआ था। इसी दौरान कोतरी नाला भादवाही के पास तीन युवकों ने दिनदहाड़े उसकी बाइक रोक ली। आरोपियों ने पहले उससे पैसों की मांग की। जब रामदास ने विरोध किया तो आरोपियों ने जबरन दो बोरी महुआ और उसका मोबाइल छीन लिया और मौके से फरार हो गए।

पीड़ित एक आरोपी को पहले से पहचानता था। घटना के तुरंत बाद वह आरोपियों का पीछा करते हुए उनके घर पहुंच गया। वहां उसने अपना महुआ वापस मांगा, लेकिन आरोपियों ने सामान लौटाने से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उसे धमकी देते हुए कहा कि यदि उसने पुलिस में शिकायत की तो उसे जान से मार देंगे।

घटना के बाद डरा-सहमा पीड़ित अपने घर पहुंचा और पूरी जानकारी अपने पिता को दी। इसके बाद दोनों गोहपारू थाने पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी बुद्धू उर्फ बृजकिशोर को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।पुलिस ने कहा गिरफ्तार हुआ आरोपी आदतन अपराधी है।

Post a Comment

0 Comments