Ticker

6/recent/ticker-posts

भाजपा नेता समेत दो की मौत का राज खुला, टोल प्लाजा के CCTV में कैद हुई स्कॉर्पियो ट्रेस



 शहडोल। सादिक खान 

शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में हुए चर्चित सड़क हादसे में भाजपा नेता सहित दो लोगों की मौत के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जांच के दौरान टोल प्लाजा के CCTV फुटेज में हादसे के बाद गुजरती संदिग्ध सफेद स्कॉर्पियो नजर आई, जिसके आधार पर पुलिस ने वाहन को ट्रेस कर लिया। अब वाहन मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

गौरतलब है कि 10 मई को सुबह ब्यौहारी क्षेत्र में सड़क किनारे भाजपा नेता राहुल द्विवेदी और अतुल तिवारी के शव मिले थे। दोनों बाइक से एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद घर जा रहे थे और आशंका जताई गई थी कि किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था। परिजनों और ग्रामीणों ने टिहकी में चक्का जाम कर हत्या की आशंका जताई थी। विरोध के बाद दोनों शवों का दोबारा पीएम मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम कराया गया था।

हादसे के बाद ब्यौहारी पुलिस लगातार जांच में जुटी रही। पुलिस ने रीवा से शहडोल तक स्थित टोल नाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर संदिग्ध वाहन की पहचान सफेद स्कॉर्पियो क्रमांक CG 04 LF 3043 के रूप में हुई। फुटेज में वाहन हादसे के समय गुजरता दिखाई दिया था।

वाहन नंबर के आधार पर पुलिस छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले तक पहुंची, जहां स्कॉर्पियो वाहन ट्रेस हुई है। जांच में वाहन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त मिला, जिससे हादसे की पुष्टि हुई। थाना प्रभारी जिया उल हक ने बताया कि वाहन मालिक ने पूछताछ में कहा है कि वह परिवार के साथ इलाहाबाद से छत्तीसगढ़ लौट रहा था, तभी अचानक बाइक सवार वाहन के सामने आ गए और दुर्घटना हो गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment

0 Comments