Ticker

6/recent/ticker-posts

रेत लोड हाइवा ने देवलौंद में पिता-पुत्र को रौदा मौत, एक दिन पहले ब्यौहारी में मां-बेटे गई जान



 शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। जिले के देवलौंद थाना क्षेत्र में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे ने दो जिंदगियां छीन लीं, जबकि एक युवक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल बन गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम चौरी निवासी ईश्वर दीन खैरवार (62), उनके पुत्र गंगा सिंह खैरवार (45) और भतीजा रामकुशल बाइक से बुढ़वा से ब्यौहारी की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे ग्राम जगमल स्थित शिव शक्ति आश्रम के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार रेत से लदा हाइवा वाहन अनियंत्रित होकर बाइक सवारों पर चढ़ गया।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईश्वर दीन और गंगा सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं रामकुशल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि हाइवा में अवैध रेत लदी हुई थी और क्षेत्र में बिना अनुमति के रेत परिवहन धड़ल्ले से जारी है। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन वाहन और चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।

गौरतलब है कि एक दिन पहले ही ब्यौहारी क्षेत्र में बोरवेल वाहन की चपेट में आने से एक गर्भवती महिला और उसके 6 वर्षीय बेटे की मौत हो गई थी। लगातार हो रहे हादसों ने प्रशासन और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Post a Comment

0 Comments