Ticker

6/recent/ticker-posts

सरई के पेड़ ने ली किसान की जान, कटाई के दौरान हुआ हादसा,पुलिस कर रही जांच



 शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत करचुल गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां खेत में लगे सरई के पेड़ की कटाई के दौरान एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गांव में शोक का माहौल है, वहीं इस हादसे ने क्षेत्र में हो रही अवैध कटाई को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार करचुल गांव निवासी महेश सिंह (48 वर्ष), पिता गोरेलाल सिंह, खेत में लगे एक भारी-भरकम सरई के पेड़ को कुछ साथियों के साथ काट रहा था। कटाई के दौरान अचानक पेड़ का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे महेश सिंह के ऊपर आ गिरा। पेड़ के नीचे दबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय वहां मौजूद अन्य साथियों ने किसी तरह स्थिति संभाली और तुरंत परिजनों व पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही जैतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में इसे हादसा माना जा रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि घटना के समय मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए जाएंगे और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मर्ग कायम कर लिया गया है।

इधर, स्थानीय ग्रामीणों ने इस घटना के बहाने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि जैतपुर वन परिक्षेत्र में लंबे समय से अवैध कटाई का खेल जारी है। कई स्थानों पर बेशकीमती पेड़ों की कटाई खुलेआम हो रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सख्ती बरती जाती, तो इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सकती थी।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, वहीं गांव में मातम पसरा हुआ है।

Post a Comment

0 Comments