शहडोल। सादिक खान
शहडोल। भीषण गर्मी को देखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर अहम सलाह जारी की है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि गर्मी के मौसम में बच्चों को पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ पिलाएं और तेज धूप में खेलने से बचाएं, क्योंकि लापरवाही गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकती है।
सीएमएचओ ने बताया कि यदि बच्चा बेहोश हो जाए तो उसे कुछ भी खाने-पीने के लिए न दें। ऐसी स्थिति में तुरंत बच्चे को छांव या ठंडे कमरे में ले जाकर शरीर को ठंडा करने के लिए नल के पानी से पोंछें या पानी का छिड़काव करें। उन्होंने कहा कि बच्चों के कपड़े ढीले और आरामदायक होने चाहिए, ताकि शरीर को गर्मी से राहत मिल सके।
यदि बच्चा होश में है तो उसे तुरंत ठंडा पानी पिलाएं और पैरों को हल्का ऊंचा कर लिटाएं। उल्टी होने पर बच्चे को करवट के बल लिटाना जरूरी है, जिससे सांस लेने में दिक्कत न हो। साथ ही पंखे या ठंडी हवा का उपयोग करने की भी सलाह दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से सतर्क रहने और लक्षण दिखते ही तुरंत चिकित्सा सहायता लेने की अपील की है।

0 Comments