शहडोल। सादिक खान
शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक तेज रफ्तार बोरवेल वाहन कहर बनकर टूटा। सूखा रोड पर पैदल जा रहे परिवार को रौंदते हुए वाहन ने मां और उसके बेटे की जान ले ली, जबकि साथ चल रही एक मासूम बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई। इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा और मातम पसरा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान अंशु उर्मिलिया (30) पत्नी श्रीधर, निवासी सूखा के रूप में हुई है। वह अपने 6 वर्षीय बेटे राधा रमन और 10 वर्षीय बालिका आस्था तिवारी के साथ पैदल मोहल्ले से घर लौट रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार बोरवेल वाहन अनियंत्रित होकर उनकी ओर बढ़ा और तीनों को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसा इतना भीषण था कि अंशु उर्मिलिया की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल बेटे राधा रमन को स्थानीय लोगों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी भी सांसें थम गईं। हादसे में घायल आस्था तिवारी का अस्पताल में इलाज जारी है।
घटना के बाद का दृश्य बेहद भावुक कर देने वाला था। महिला का शव वाहन के टायर के नीचे दबा रहा, जिसे देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। सूचना मिलते ही ब्यौहारी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने में जुट गई।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल है। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी भी मौके के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


0 Comments