Ticker

6/recent/ticker-posts

खेत से लौटते किसान की संदिग्ध मौत, नदी में औंधे मुंह मिला शव

 


शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में खेत से घर लौट रहे एक किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में नदी में मौत हो गई। नदी में किसान का शव औंधे मुंह पड़ा मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार घटना ब्यौहारी थाना क्षेत्र के छीरहा गांव स्थित झापर नदी की है। मृतक की पहचान रामशुशील यादव (45) पुत्र राम रहित यादव निवासी छीरहा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक किसान का खेत नदी के एक ओर है, जबकि घर दूसरी ओर स्थित है। बुधवार शाम वह खेत में धान की रोपाई का काम कराने के बाद घर लौट रहा था।

बताया जा रहा है कि घर पहुंचने के लिए रामशुशील यादव झापर नदी पार कर रहे थे। इसी दौरान वह अचानक नदी में औंधे मुंह गिर पड़े। आशंका है कि गिरने के बाद वह बाहर नहीं निकल सके, जिससे उनकी मौत हो गई। हालांकि मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

परिजनों ने बताया कि देर शाम तक किसान के घर नहीं पहुंचने पर उनकी तलाश शुरू की गई। खोजबीन के दौरान परिजनों ने नदी में उनका शव देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही ब्यौहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

गुरुवार सुबह पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

घटना के बाद छीरहा गांव में शोक का माहौल है। किसान की अचानक हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments