शहडोल। बुढार थाना क्षेत्र में वाहन चालकों के साथ कथित मारपीट और बंधक बनाए जाने के मामले ने अब प्रदेश स्तर पर तूल पकड़ लिया है। मध्य प्रदेश ड्राइवर महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष द्वारिका प्रसाद ने वीडियो जारी कर घटना को शर्मनाक बताते हुए आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने कहा कि पीड़ित चालकों द्वारा लिखित शिकायत दिए जाने के बावजूद बुढार थाने में अब तक प्रकरण दर्ज नहीं किया गया, जिससे चालक समुदाय में भारी नाराजगी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की गई तो मध्य प्रदेश ड्राइवर महासंघ पूरे प्रदेश में आंदोलन करेगा और आवश्यकता पड़ने पर चक्का जाम भी किया जाएगा।
प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि किसी भी चालक के साथ कानून हाथ में लेकर मारपीट करना और जबरन दबाव बनाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है। महासंघ ने स्पष्ट किया है कि यदि न्याय नहीं मिला तो आंदोलन की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

0 Comments